रायपुर। छत्तीसगढ़ में आम जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जल्द ही 24×7 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सेवा शुरू की जाएगी। इस हेल्पलाइन के जरिए राज्य का कोई भी नागरिक अपनी समस्या या शिकायत कभी भी दर्ज करा सकेगा। सीएम साय ने इसकी जानकारी जशपुर रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि, हेल्पलाइन पर आने वाली हर शिकायत के निपटान के लिए समय सीमा तय की जाएगी। संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित अवधि में समस्या का समाधान करना अनिवार्य होगा। यदि तय समय में शिकायत का निराकरण नहीं किया जाता है, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सरकार का मानना है कि, इस पहल से शासन और जनता के बीच संवाद मजबूत होगा और लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। यह व्यवस्था पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विधानसभा के विशेष सत्र और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार के प्रयासों का समर्थन करते हुए विपक्ष पर सवाल उठाए। राज्य में प्रस्तावित यह हेल्पलाइन सेवा प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और जनहितकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
