बस्तर में बदल रहा चेहरा! नक्सल क्षेत्र के युवा शतरंज में चमके, मयंक-अयांश ने जीता खिताब

Follow Us

जगदलपुर। कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में पहचान रखने वाला बस्तर अब नई प्रतिभाओं की वजह से अलग पहचान बना रहा है। जगदलपुर के निर्मल विद्यालय में आयोजित द चेस नेशन शतरंज चैम्पियनशिप 2026 में प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर बस्तर की बदलती तस्वीर को सामने रखा।ओपन वर्ग में रायपुर के सालिक नवाज मणिहार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया और ₹11 हजार की पुरस्कार राशि जीती। वहीं बिलासपुर के रूपेश कुमार मिश्रा दूसरे और दुर्ग के यशद बंबेश्वर तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में अलंक्रुता मोहराना ने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब अपने नाम किया। युवा वर्ग में भी बस्तर के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।

अंडर-15 वर्ग में कोंडागांव के मयंक श्रीवास्तव ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि जगदलपुर के एजीकियल सर्विन एक्का दूसरे और अथर्व मेश्राम तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-11 वर्ग में जगदलपुर के अयांश दीक्षित ने शीर्ष स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। वेदांत शुक्ला दूसरे और सिद्धार्थ राव तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में बृष्टि साहा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस कार्यक्रम में बस्तर एसपी शलभ कुमार सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि, बस्तर अब हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और यह आयोजन इस बात का प्रमाण है कि यहां की नई पीढ़ी अब बंदूक नहीं, बल्कि बुद्धि और प्रतिभा के दम पर अपनी पहचान बना रही है।