महिला आरक्षण पर सियासत तेज: रंजीत रंजन का BJP पर हमला, बोलीं- नीयत साफ नहीं

Follow Us

रायपुर। महिला आरक्षण को लेकर देशभर में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच कांग्रेस की राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रायपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि, कांग्रेस महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है, बल्कि परिसीमन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रही है। रंजीत रंजन ने कहा कि, वर्ष 2023 में पारित महिला आरक्षण को तत्काल 543 लोकसभा सीटों पर लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से पूछा कि, बिना जनगणना के परिसीमन कैसे संभव है।

उनका कहना था कि, पहले जनगणना कराई जानी चाहिए, उसके बाद ही परिसीमन लागू किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि, भारतीय जनता पार्टी की नीयत महिला आरक्षण को लेकर स्पष्ट नहीं है और सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखा रही। वहीं, भाजपा द्वारा कांग्रेस पर बिल को लेकर आरोप लगाए जाने और रायपुर में निकाली गई रैली को उन्होंने “राजनीतिक छलावा” बताया। इस बयान के बाद महिला आरक्षण के मुद्दे पर सियासी घमासान और तेज होने के आसार हैं, जहां दोनों प्रमुख दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।