51 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह: सीएम साय होंगे मुख्य अतिथि, मिलेगा गृहस्थी का पूरा सामान

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा इस वर्ष एक बार फिर निःशुल्क सामूहिक कन्या विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह भव्य कार्यक्रम 3 मई को राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर के वीआईपी हाल में आयोजित होगा। इसमें 51 जोड़े एक साथ वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। इस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन को लेकर संगठन में भारी उत्साह है। संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता और सेवा भाव का प्रतीक है। इसका मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना है, ताकि उन्हें सम्मानजनक जीवन की शुरुआत मिल सके।

इस वर्ष सभी 51 जोड़ों को लगभग 50 हजार रुपये तक की गृहस्थी सामग्री प्रदान की जाएगी। इसमें अलमारी, सूटकेस, मिक्सर ग्राइंडर, पंखा, आयरन, कपड़े, घड़ी और अन्य जरूरी सामान शामिल होंगे, जिससे नवविवाहित जोड़ों को नई जिंदगी शुरू करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। कार्यक्रम में कई गणमान्य नेता और समाजसेवी भी शामिल होंगे। आयोजन की तैयारी के लिए 100 से अधिक सदस्यों की टीम लगातार कार्य कर रही है। साथ ही, सभी जोड़ों का पूरी तरह सत्यापन कर पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है। यह आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और एकता की मजबूत मिसाल पेश करने जा रहा है।