धमतरी। भारतीय गुणवत्ता परिषद (QCI) द्वारा किए गए छत्तीसगढ़ के शासकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के गुणवत्ता मूल्यांकन में भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक, धमतरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक अधोसंरचना, प्रभावी प्रबंधन, कौशल विकास और विद्यार्थी-केंद्रित शैक्षणिक वातावरण का प्रमाण है।
QCI ने संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों, अधोसंरचना, रोजगार, संसाधनों के उपयोग, संस्थागत प्रबंधन और समग्र गुणवत्ता मानकों का मूल्यांकन किया। सभी मानकों पर बेहतर प्रदर्शन के चलते संस्थान ने प्रदेश के अग्रणी तकनीकी शिक्षण संस्थानों में अपनी पहचान बनाई।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने इस उपलब्धि पर संस्थान के प्राचार्य, प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन तकनीकी शिक्षा को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप अधिक रोजगारोन्मुख और नवाचार आधारित बनाने के लिए निरंतर सहयोग करता रहेगा।
संस्थान के प्राचार्य अमित मिश्रा ने बताया कि वर्ष 2026 में उत्तीर्ण 120 विद्यार्थियों में से 100 से अधिक का चयन विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में हो चुका है। चयनित विद्यार्थियों को न्यूनतम 1.80 लाख, औसतन 3.03 लाख और अधिकतम 5 लाख रुपये वार्षिक वेतन पैकेज मिला है, जबकि शेष विद्यार्थियों की प्लेसमेंट प्रक्रिया जारी है।
विद्यार्थियों का चयन मारुति सुजुकी, टाटा ईवी मोटर्स, नुवोको विस्टा, वेलस्पन, डाइकिन एसी, रिको ऑटो इंडस्ट्री सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ है। संस्थान लगातार आधुनिक प्रयोगशालाओं, डिजिटल शिक्षण संसाधनों, कौशल आधारित प्रशिक्षण और उद्योग-संस्थान समन्वय को मजबूत कर विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए कार्य कर रहा है।
