मानसून में सेहत का स्वादिष्ट हथियार: करौंदे की चटनी बढ़ाएगी इम्यूनिटी, जानें आसान रेसिपी और फायदे

Follow Us

नई दिल्ली। बारिश के मौसम में बदलते तापमान और नमी के कारण सर्दी-जुकाम, वायरल संक्रमण और पाचन से जुड़ी परेशानियां बढ़ सकती हैं। ऐसे समय में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत रखना बेहद जरूरी हो जाता है। इसके लिए डाइट में पोषक तत्वों से भरपूर मौसमी चीजों को शामिल करना फायदेमंद हो सकता है।

इन्हीं में शामिल है करौंदा, जो स्वाद में खट्टा-मीठा और चटपटा होने के साथ कई पोषक तत्वों से भरपूर माना जाता है। इसमें विटामिन-सी, फाइबर, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर को स्वस्थ रखने में मदद कर सकते हैं। मानसून में करौंदे की चटनी स्वाद के साथ सेहत का भी बेहतरीन विकल्प बन सकती है।

करौंदे की चटनी बनाने की सामग्री:
250 ग्राम ताजे करौंदे, 8-10 हरी मिर्च, लहसुन की कलियां, अदरक, हरा धनिया, पुदीना, भुना जीरा, काला नमक, सामान्य नमक और नींबू का रस।

बनाने की विधि:
करौंदों को धोकर काट लें और बीज निकाल दें। इसके बाद सभी सामग्री को मिक्सर में डालकर पीस लें। जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी मिलाएं और अंत में नींबू का रस डालकर दोबारा ब्लेंड करें। स्वादिष्ट चटनी तैयार है। इसे पराठे, दाल-चावल, पकौड़े, समोसे या सैंडविच के साथ खाया जा सकता है। करौंदे में मौजूद विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को सपोर्ट करने में मदद कर सकते हैं, जबकि फाइबर पाचन को बेहतर बनाए रखने में सहायक होता है।