दिल्ली कैब ड्राइवर मर्डर केस में बड़ा खुलासा: 24 घंटे में नाबालिग समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, लूट के लिए रची थी साजिश

Follow Us

नई दिल्ली। दिल्ली के कृष्णा नगर इलाके में हुए कैब ड्राइवर विजय कुमार हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश अभी जारी है।जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई को रोड नंबर-57, मेट्रो पिलर नंबर-90 के पास एक कार में चालक विजय कुमार गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे।

उन्हें इलाज के लिए हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद कृष्णा नगर थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच के बाद न्यू सीलमपुर इलाके से अयान (20), साहिल (19) और 17 वर्षीय नाबालिग को पकड़ा गया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने जल्दी पैसे कमाने के लिए कैब चालक को लूटने की योजना बनाई थी। उन्होंने रैपिडो के जरिए कैब बुक कराई और रास्ते में चालक विजय कुमार पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी कार लेकर फरार हो गए, लेकिन पीछा होने पर वाहन छोड़कर भाग निकले। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी अयान के खिलाफ पहले भी लूट और झपटमारी के कई मामले दर्ज हैं। फरार आरोपी अमन कुरैशी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।