नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी सौगात दी है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने ₹6,969.67 करोड़ की लागत वाली 8.1 किलोमीटर लंबी 6-लेन द्वारका रोड टनल परियोजना को मंजूरी दे दी है। यह टनल द्वारका एक्सप्रेसवे (NH-248BB) के शिवमूर्ति इंटरचेंज को वसंत कुंज स्थित नेल्सन मंडेला मार्ग से जोड़ेगी। मंत्रालय के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा हाइब्रिड एन्यूटी मोड (HAM) के तहत किया जाएगा। परियोजना को पहले ही आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) की मंजूरी मिल चुकी है।
टनल बनने के बाद गुरुग्राम, द्वारका और पश्चिमी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली तथा इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट तक की यात्रा तेज और सिग्नल-फ्री हो जाएगी। इससे महिपालपुर, रंगपुरी और एयरपोर्ट क्षेत्र में रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इस परियोजना से धौला कुआं, राव तुला राम मार्ग, महिपालपुर, रंगपुरी और एयरपोर्ट के आसपास की सड़कों पर वाहनों का दबाव भी कम होगा। साथ ही दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर निर्भरता घटेगी, जिससे यात्रा का समय कम होगा और यातायात अधिक सुगम बनेगा। नई टनल के शुरू होने के बाद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, प्रमुख बिजनेस हब, भारत मंडपम और दक्षिणी दिल्ली के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी। कुतुब मीनार, महरौली पुरातात्विक पार्क, हौज खास, लोधी गार्डन और छतरपुर मंदिर जैसे लोकप्रिय स्थलों तक भी लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
