बस्तर। नेशनल हाइवे 30 पर मौत का तांडव देखने को मिला, जहाँ एक तेज रफ्तार ट्रक और माजदा वाहन के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, माजदा में सवार मजदूर मलबे के नीचे दब गए। इस हृदयविदारक हादसे में 2 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। 3 अन्य गंभीर रूप से घायलों का इलाज फरसगांव अस्पताल में जारी है।

वही, सूरजपुर के लटोरी चौकी क्षेत्र में अंबिकापुर से बिहार जा रही एक यात्री बस सड़क किनारे खड़ी ट्रक में जा घुसी। हादसे के वक्त बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस टक्कर में 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 4 की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जगदलपुर के पुसपाल घाट पर गिट्टी से लदा एक हाईवा अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन के भीतर चालक समेत तीन लोग बुरी तरह फंस गए थे। घटना स्थल पर तैनात CRPF 188 बटालियन के जवान इनके लिए मसीहा बनकर आए। सहायक कमांडेंट बन्ना राम के नेतृत्व में जवानों ने कड़ी मेहनत के बाद फंसे हुए तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुँचाया।

