रामानुजगंज। नगर के वार्ड क्रमांक 1 निवासी विधान राय का ब्रेन हेमरेज के उपचार के दौरान रायपुर में निधन हो गया। रविवार को उनका पार्थिव शरीर रामानुजगंज लाया गया, जहां सोमवार को मुख्य मुक्तिधाम में गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार किया गया। निधन की खबर से परिजनों के साथ नगरवासियों में भी शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम संस्कार में नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, पार्षद सुमित गुप्ता सहित बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। लोगों ने नम आंखों से विधान राय को अंतिम विदाई दी। अंतिम यात्रा के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों ने पार्थिव शरीर को कंधा देकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
Read more :- ‘वंदे मातरम्’ के अपमान के विरोध में भाजयुमो ने निकाली मशाल यात्रा
छोटी बेटी निशा ने निभाई अंतिम रस्म
विधान राय की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी का विवाह हो चुका है, जबकि छोटी बेटी निशा राय ने अपने पिता को मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की। पिता की चिता को मुखाग्नि देते समय निशा को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। भावुक कर देने वाले इस दृश्य से पूरे मुक्तिधाम में मातम छा गया।
नगरवासियों ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें इस कठिन घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की। साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि विधान राय भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता होने के साथ लंबे समय तक रामानुजगंज क्षेत्र में चिकित्सा सेवा से जुड़े रहे। उनके निधन से नगर ने एक सेवाभावी, मिलनसार और सामाजिक व्यक्ति को खो दिया है। उनका जाना सभी के लिए बेहद पीड़ादायक है।
