रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 दिनों के दौरान आए तीन चक्रवाती तूफानों से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा उठाते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। राजीव भवन में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि तूफान ऐसे समय आए, जब किसानों की धान की फसल पककर तैयार थी। चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव से हुई बेमौसम बारिश में कई किसानों का धान खरीदी केंद्रों पर भीग गया, जबकि खेतों में कटकर पड़ा धान भी खराब हुआ है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में लाखों हेक्टेयर धान की फसल प्रभावित हुई है। बैज ने बताया कि बस्तर क्षेत्र में पहले ही 1,083 गांवों के 74 हजार से अधिक लोग और 6,154 हेक्टेयर से ज्यादा फसल प्रभावित हो चुकी है।
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि इससे पहले आए दो तूफानों अर्नव और मुरासू से हुए नुकसान का भी सरकार ने सर्वे नहीं कराया है। उन्होंने कहा कि अकवान तूफान का असर जारी रहने के दौरान भी किसानों को नुकसान का आकलन कराने के लिए कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही है। कई किसानों ने धान बेचने के लिए टोकन कटवाया था, लेकिन खराब मौसम के कारण वे तीन-चार दिनों तक खरीदी केंद्र नहीं पहुंच सके और उनके टोकन की अवधि समाप्त हो गई। बैज ने कहा कि तीनों तूफानों के दौरान पटवारी हड़ताल पर रहे, जबकि फसल नुकसान के आकलन में पटवारियों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने हड़ताल खत्म कराने या नुकसान का सर्वे कराने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने फसल बीमा कंपनियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान प्रीमियम जमा करने के बावजूद बीमा का लाभ नहीं पा रहे हैं और निजी बीमा कंपनियां मुनाफा कमा रही हैं। बैज ने कहा कि राजस्व पुस्तिका 6/4 के आपदा राहत प्रावधानों के तहत भी प्रभावित किसानों को मुआवजा मिलना चाहिए। कांग्रेस ने मांग की है कि सरकार तीनों चक्रवाती तूफानों से हुए फसल नुकसान का तत्काल आकलन कराकर किसानों को क्षतिपूर्ति दे। साथ ही बीमा कंपनियों को नुकसान का सर्वे जल्द पूरा कर भुगतान करने के निर्देश जारी किए जाएं। प्रत्येक ब्लॉक में कृषि अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाकर बीमा कंपनियों के कामकाज की निगरानी भी कराई जाए।
कांग्रेस ने धान की फसल के लिए प्रति एकड़ 21 क्विंटल उत्पादन और 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 65,100 रुपये क्षतिपूर्ति देने की मांग रखी है। इसके अलावा जिन किसानों के टोकन खराब मौसम के कारण लैप्स हो गए हैं, उन्हें दोबारा जारी करने और मौसम की स्थिति को देखते हुए धान खरीदी की अवधि 15 दिन बढ़ाने की मांग की गई है। पार्टी ने पटवारी हड़ताल समाप्त कराने के लिए भी सरकार से तत्काल पहल करने को कहा है। पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, सकलेन कामदार, सुरेन्द्र वर्मा, वंदना राजपूत, श्रीकुमार शंकर मेनन, राजेन्द्र पप्पू बंजारे, जितेंद्र मुदलियार, अशोक राज आहुजा और सत्य प्रकाश सिंह सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
