जांजगीर-चांपा। जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने जांच अभियान चलाकर सात वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर टीम ने पिपरदा, पुछेली, पीथमपुर, हाथनेवरा और चांपा समेत कई इलाकों में अचानक जांच की। इस दौरान पिपरदा से एक हाईवा, पीथमपुर से तीन ट्रैक्टर और चांपा के हसदेव नदी क्षेत्र से तीन ट्रैक्टर रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त पाए गए। सभी वाहनों को जब्त कर लिया गया है।
जांच के बाद जब्त वाहनों को सुरक्षा के लिए चांपा थाने और कलेक्टोरेट परिसर में रखा गया है। विभाग ने संबंधित मामलों में खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं। इन मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23 और छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने खनिज विभाग को जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर निगरानी बनाए रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। विभाग की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों में जांच अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
