छत्तीसगढ़ में मतांतरण नेटवर्क का खुलासा, टीटीआई से जुड़े डेविड चाको पर गंभीर आरोप, जांच तेज

Follow Us

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में सामने आए कथित मतांतरण प्रकरण ने बड़ा रूप ले लिया है। जांच एजेंसियों की पड़ताल में अमेरिकी मिशनरी संगठन ‘द टिमोथी इनिशिएटिव (TTI)’ से जुड़े नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका सामने आई है। इस नेटवर्क का संचालन कथित तौर पर डेविड चाको नामक व्यक्ति द्वारा किया जा रहा था, जो प्रदेश में मिशनरी गतिविधियों का प्रमुख चेहरा बताया जा रहा है।

जांच में सामने आया है कि, डेविड चाको प्रशिक्षण मॉड्यूल के जरिए ‘पाल-टीमोथी ग्रुप’ तैयार करने में शामिल था। इस प्रणाली के तहत एक व्यक्ति अन्य लोगों को प्रशिक्षित कर आगे नेटवर्क फैलाता था। आरोप है कि, प्रशिक्षण सत्रों में शामिल लोगों को ट्रैवल वाउचर्स दिए जाते थे और इसके पीछे विदेशी फंडिंग का इस्तेमाल होने की आशंका है। ईडी ने इस मामले में बेंगलुरु एयरपोर्ट से टीटीआई से जुड़े एक सदस्य को गिरफ्तार किया था, जबकि राजनांदगांव से भी कई दस्तावेज और ट्रैवल वाउचर्स बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसियां अब विदेशी फंडिंग के स्रोतों और नेटवर्क के विस्तार की गहराई से जांच कर रही हैं।

डेविड चाको पर आरोप है कि, वह छत्तीसगढ़ के सरगुजा और बस्तर सहित कई क्षेत्रों में प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाता था। पुलिस ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी और बाद में उसे गिरफ्तार किया गया, हालांकि वह फिलहाल जमानत पर बाहर है। मामले की जांच अब खुफिया एजेंसियां भी कर रही हैं और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की कोशिश जारी है।