बढ़े बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का अभियान, घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं से लिए आवेदन

Follow Us

रायपुर। बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने राजधानी में जनसंपर्क अभियान चलाया। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अनुपम गार्डन, डंगनिया, डीडी नगर समेत आसपास के इलाकों में पहुंचकर लोगों से संवाद किया और स्मार्ट मीटर हटाने व बदलने के लिए आवेदन पत्र वितरित किए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अचानक बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम लोगों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है। कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और बिजली बिल से जुड़ी परेशानियों को लेकर आवेदन भरवाए।

इस दौरान पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि सरकार द्वारा महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर का भार जनता पर डाला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों की आपत्तियों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रही है और आगे भी जनता की आवाज उठाती रहेगी। विकास उपाध्याय ने चेतावनी दी कि यदि महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर व्यापक आंदोलन करेगी। अभियान के दौरान देव साहू, संदीप शर्मा, कुलदीप, शिवश्याम शुक्ला, मन्नू वाजपेयी, योगेश दीक्षित, भीम यादव, ईश्वरी, संदीप सिरमौर, अमन गिल, विजय गीधवानी, श्रीनाथ भोगल, वेदप्रकाश कुशवाहा, अजित और किशन गोस्वामी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।