नयी दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने मानसून के दौरान राजधानी में बढ़ते स्वाइन फ्लू के मामलों को लेकर शनिवार को रेखा गुप्ता सरकार पर निशाना साधा। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि सरकार बीमारी पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल रही है, जिसके कारण लोगों में भय का माहौल पैदा हो रहा है।
पिछले 24 घंटों में 114 नए मामले सामने आने के बाद दिल्ली में स्वाइन फ्लू के कुल मामले 1777 से अधिक हो गये हैं। उन्होंने दावा किया कि 6 अगस्त के बाद 14 दिनों में 344 मामले सामने आये, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 229 मामले दर्ज हुए थे। इस वर्ष मामले पिछले साल की तुलना में करीब आठ गुना अधिक हैं। सरकार की लगातार आपात बैठकें होने के बावजूद संक्रमण की रफ्तार पर रोक नहीं लग पा रही है।
यादव ने आरोप लगाया कि दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, उपकरण और दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता नहीं है। उन्होंने सरकार से बैठकों की औपचारिकताओं से बाहर निकलकर अस्पतालों की आपातकालीन सेवाएं दुरुस्त करने और स्वाइन फ्लू पर तत्काल प्रभावी नियंत्रण के उपाय करने की मांग की।
