भिलाई। सेक्टर-4 स्थित लंबे समय से बंद पड़े बीएसपी स्कूल परिसर में एक कॉलेज छात्र का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय दीपांशु वर्मा के रूप में हुई है, जो कल्याण कॉलेज का छात्र था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, दीपांशु रोज की तरह घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि बीएसपी सेक्टर-4 के बंद पड़े स्कूल परिसर में एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ है। मौके पर पहुंचे परिजन और पुलिस ने शव की पहचान दीपांशु वर्मा के रूप में की।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा है- “इतनी नफरत के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। मेरे शरीर को दफनाया नहीं जाना चाहिए, इसका अंतिम संस्कार (दाह-संस्कार) किया जाना चाहिए।” हालांकि, नोट में किसी व्यक्ति का नाम या आत्महत्या के पीछे का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है। परिजनों ने बताया कि घर से निकलने से पहले दीपांशु ने अपनी मां से 100 रुपये मांगे थे। उस समय मां नींद में थीं, इसलिए उन्होंने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। इसके बाद वह घर से निकल गया। परिवार को अंदेशा नहीं था कि वह ऐसा कदम उठा लेगा।
दीपांशु के पिता बीएसपी कर्मचारी हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और सभी सदमे में हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुसाइड नोट और अन्य परिस्थितियों के आधार पर यह जांच की जा रही है कि छात्र ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या वह किसी मानसिक तनाव या अन्य कारणों से परेशान था। फिलहाल पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और मोबाइल डेटा सहित अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच भी की जा रही है। मामला संवेदनशील होने के कारण सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच जारी है।
