धान खरीदी को लेकर कलेक्टर सख्त, अवैध परिवहन और बिचौलियों पर कार्रवाई के निर्देश

Follow Us
बलौदाबाजार-भाटापारा । बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत के बाद कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सभी धान उपार्जन केंद्रों पर नोडल अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और अवैध धान परिवहन तथा बिचौलियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि संबंधित नोडल अधिकारी अपने केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें और खरीदी से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। जिला कंट्रोल रूम में किसानों से मिलने वाली शिकायतों और सूचनाओं का प्राथमिकता से संतोषजनक निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए। कंट्रोल रूम का नंबर 9201899925 सभी समितियों के सूचना फ्लेक्स पर प्रदर्शित कराने को कहा गया है, ताकि किसान आसानी से संपर्क कर सकें।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान बेचने आने वाले किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कृषक उन्नति योजना की जानकारी किसानों तक पहुंचाने को कहा। इसके तहत यदि किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचते हैं, तब भी उन्हें 21 क्विंटल की निर्धारित मात्रा के अनुसार 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर की राशि देय होने की जानकारी दी जाए। इसके अलावा राज्य शासन की ओर से शुरू किए गए ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसान घर बैठे ही धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त कर सकें।

बैठक में बताया गया कि जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के पहले दिन 15 नवंबर को 353 किसानों से कुल 1000 मीट्रिक टन धान खरीदा गया। वहीं, 16 नवंबर के लिए 494 टोकन जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 1538 मीट्रिक टन धान खरीदी प्रस्तावित है। इस वर्ष जिले में कुल 1,70,636 किसानों ने एग्रीस्टेक के तहत पंजीयन कराया है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में जिले के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का लक्ष्य 8,97,854 मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है।

भाटापारा मंडी में इस वर्ष धान की अच्छी आवक होने की जानकारी भी बैठक में दी गई। यहां किसान 3077 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान बेच सकते हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों से खरीदी प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने और किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने को कहा। साथ ही अवैध धान की आवक और परिवहन रोकने के लिए सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए।