जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में पुरानी रंजिश के चलते 17 वर्षीय किशोर की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। नसीमाबाग के चार खंभा इलाके में रविवार देर रात पांच लड़कों ने किशोर को घेरकर पहले पत्थर से हमला किया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली। मृतक की पहचान नौसाद अली के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
रास्ते में घेरकर किया हमला
पुलिस के अनुसार, नौसाद अली रविवार रात करीब एक बजे बाजार से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान चार खंभा इलाके के पास पांच लड़कों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने उसके सिर पर भारी पत्थर से वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावरों ने उस पर चाकू से कई वार किए और गंभीर रूप से घायल हालत में छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल नौसाद को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार को मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
एक थप्पड़ बना हत्या की वजह
मृतक के चाचा नासिर अली ने बताया कि नौसाद उनके साथ वेल्डिंग की दुकान पर काम करता था। करीब एक महीने पहले हनुमानताल इलाके में उसने एक युवक को चोरी करते हुए पकड़ लिया था और उसे थप्पड़ मार दिया था। बताया जा रहा है कि इसी घटना के बाद आरोपी युवक नौसाद से रंजिश रखने लगा था। परिजनों का आरोप है कि थप्पड़ का बदला लेने के लिए आरोपियों ने नौसाद को अकेला पाकर उस पर जानलेवा हमला किया। उनका कहना है कि नौसाद ने केवल चोरी करते हुए एक युवक को पकड़ा था, जिसके चलते उसे अपनी जान गंवानी पड़ी। परिजनों के मुताबिक, आरोपियों के कई फोटो और वीडियो इंस्टाग्राम पर भी मौजूद हैं।
पांच आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल ने बताया कि मृतक के चाचा नासिर अली के बयान के आधार पर पांच लड़कों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को घटना में शामिल आरोपियों की तस्वीरें भी मिली हैं। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
