बेमेतरा। जिले में 15 नवंबर से धान खरीदी महाअभियान की शुरुआत हो गई है। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने मोहतरा और बिलई धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर पूजा-अर्चना के साथ खरीदी का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को शाल ओढ़ाकर उनका आत्मीय स्वागत किया और खरीदी व्यवस्था की जानकारी ली। कलेक्टर ने किसानों से बातचीत कर भरोसा दिलाया कि धान बेचने में किसी को परेशानी नहीं होगी। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को तौल में पारदर्शिता रखने, समय पर भुगतान करने और किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने खरीदी केंद्रों में पेयजल, छाया, बैठने, शौचालय, बारदाने और तौल कांटे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और किसानों की शिकायतों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में एक साथ खरीदी शुरू होने से किसानों में उत्साह देखने को मिला। कलेक्टर ने किसानों से टोकन के अनुसार ही धान लेकर आने की अपील की।
