रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के अहम दौरे पर रहेंगे, जहां वे विकास कार्यों के साथ सामाजिक कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:40 बजे रायपुर से जशपुर के लिए रवाना होंगे और दोपहर करीब 12 बजे रणजीता स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां वे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेज-4 के तहत विभिन्न सड़कों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और शुभारंभ करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे वे पटेल कल्याण संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां समाज के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे।
मुख्यमंत्री का अगला कार्यक्रम दोपहर 2:30 बजे “सियान गुड़ी” में होगा, जहां वे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हालचाल जानेंगे। इसके बाद वे स्वर्गीय जगेश्वर राम भगत के निवास कोमडों पहुंचकर उनके परिजनों से मिलेंगे और संवेदना व्यक्त करेंगे। दौरे के समापन के बाद मुख्यमंत्री शाम करीब 5 बजे रायपुर लौटेंगे। शाम 6:30 बजे वे मुख्यमंत्री निवास में आयोजित “फर्स्ट छत्तीसगढ़ डिजिटल डेमोक्रेसी डायलॉग 2026” कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरे को विकास, संवाद और संवेदनशीलता का संतुलित उदाहरण माना जा रहा है।
