CM साय का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- जनजातीय समाज को हमेशा वोट बैंक बनाकर रखा

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के आरोपों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर जनजातीय समाज को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक कांग्रेस ने देश और राज्यों में शासन किया, लेकिन जनजातीय समाज के विकास के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनजातीय समुदाय के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया था।

सीएम साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ के 6,691 गांवों में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से जनजातीय बहुल गांवों में आवास, बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। वहीं, विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए पीएम जनमन योजना के तहत भी सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं को जनजातीय क्षेत्रों में जाकर विकास कार्य देखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनजातीय परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनके जीवन स्तर में सुधार करना है।

धान खरीदी को लेकर सीएम साय ने कहा कि सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदेगी। सरगुजा और बस्तर के ऐसे किसानों को भी राहत दी जाएगी, जो भौगोलिक परिस्थितियों के कारण पूरी पैदावार नहीं ले पाते हैं। मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की 191वीं जयंती पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होने की जानकारी दी। साथ ही छठ महापर्व की बधाई देते हुए जशपुर जिले के तपकरा घाट में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने की बात कही।