कोरबा। गर्मी के मौसम में राहत देने वाली बर्फ से जुड़ी एक चौंकाने वाली घटना ने शहर में हड़कंप मचा दिया है। घंटाघर चौपाटी स्थित एक जूस सेंटर में इस्तेमाल की जा रही बर्फ के अंदर जमा हुआ मेंढक मिलने से लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। इस घटना ने न सिर्फ साफ-सफाई पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि खाद्य सुरक्षा व्यवस्था की पोल भी खोल दी है।
यह, मामला तब सामने आया जब जूस सेंटर संचालक बर्फ तोड़कर उपयोग कर रहा था। इसी दौरान उसे बर्फ के भीतर कुछ संदिग्ध दिखाई दिया। करीब से देखने पर पता चला कि, वह एक मेंढक है, जो पूरी तरह बर्फ में जमा हुआ था। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए और देखते ही देखते भीड़ जुट गई।
बता दे, इस घटना की जानकारी मिलते ही चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा सहित अन्य व्यापारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए संबंधित बर्फ फैक्ट्री और सप्लाई चेन से जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि,इस तरह की घटनाएं लोगों की सेहत के साथ सीधा खिलवाड़ हैं और इसे बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
वहीं,जांच में सामने आया कि, जूस सेंटर में इस्तेमाल की जा रही बर्फ निहारिका क्षेत्र की एक दुकान से खरीदी गई थी, जहां अलग-अलग फैक्ट्रियों से थोक में बर्फ लाकर बेची जाती है। हालांकि, बर्फ डिपो संचालक डी गुप्ता ने इस मामले में पल्ला झाड़ते हुए कहा कि,वे कई फैक्ट्रियों से बर्फ मंगाते हैं और यह स्पष्ट नहीं है कि,संबंधित बर्फ किस फैक्ट्री से आई थी।
उन्होंने यह भी कहा कि, जिस बर्फ में मेंढक मिला है, वह उनके डिपो की ही है, इसकी पुष्टि भी नहीं हो पाई है। इधर, खाद्य अधिकारी विकास भगत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि, घटना की जानकारी मिल चुकी है और शहर की सभी बर्फ फैक्ट्रियों की जांच की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि, दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में डर और गुस्सा दोनों है। लोगों का कहना है कि,अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो इस तरह की लापरवाही से बड़ा स्वास्थ्य संकट हो सकता है।
