खेलो इंडिया में छत्तीसगढ़ का जलवा, झारखंड को हराकर जीता खिताब

Follow Us

रायपुर। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। गुरुवार को खेले गए महिला फुटबॉल के फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ की टीम ने झारखंड को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। पूरे मैच में टीम का खेल अनुशासित, आक्रामक और संतुलित नजर आया, जिसने दर्शकों को अंत तक रोमांचित रखा।

स्वामी विवेकानंद एथलेटिक स्टेडियम, कोटा में खेले गए इस फाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने जीत के इरादे से मैदान में उतरते हुए तेज खेल दिखाया। पहले हाफ में छत्तीसगढ़ और झारखंड दोनों को गोल करने के कुछ अच्छे मौके मिले, लेकिन दोनों टीमों की मजबूत डिफेंस के कारण कोई भी टीम बढ़त नहीं बना सकी। पहले 45 मिनट का खेल 0-0 की बराबरी पर खत्म हुआ।

दूसरे हाफ में छत्तीसगढ़ की टीम ने अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए आक्रामक रुख अपनाया। इसका फायदा भी टीम को जल्द ही मिला, जब कप्तान किरण पिस्दा ने शानदार मूव के साथ गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। यह गोल मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ और अंत तक निर्णायक बना रहा।गोल खाने के बाद झारखंड की टीम ने वापसी के लिए लगातार प्रयास किए। टीम ने कई आक्रमण किए, लेकिन छत्तीसगढ़ की सुदृढ़ रक्षा पंक्ति के सामने उनकी एक भी कोशिश सफल नहीं हो सकी। गोलकीपर और डिफेंडरों ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए अंत तक बढ़त को सुरक्षित रखा।
मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने दोनों टीमों का उत्साह बढ़ाया, लेकिन छत्तीसगढ़ की टीम का जोश और जज्बा देखने लायक था। अंतिम सीटी बजते ही खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ खुशी से झूम उठे।

इस मौके पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनूजा सलाम भी मौजूद रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और छत्तीसगढ़ की टीम को इस शानदार जीत के लिए बधाई दी।इस जीत के साथ ही छत्तीसगढ़ की बेटियों ने न सिर्फ राज्य का नाम रोशन किया, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।