कोरबा में 13 साल की लड़की और 15 साल के लड़के की शादी रुकी, मंडप पहुंचने से पहले पुलिस ने रुकवाया बाल विवाह

Follow Us

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बाल विवाह का मामला सामने आया है, जहां 13 साल की नाबालिग लड़की और 15 साल के नाबालिग लड़के की शादी कराई जा रही थी। विवाह की रस्में शुरू होने से पहले ही महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम और मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और शादी को रुकवा दिया। जानकारी के अनुसार, चिमनीभठा वार्ड नंबर 14 में रहने वाले दोनों नाबालिग एक-दूसरे को पसंद करते थे। बताया जा रहा है कि परिजन उनकी जिद के आगे झुक गए और सामाजिक रीति-रिवाज से शादी कराने की तैयारी कर ली। घर में मंडप सज चुका था और बारात भी पहुंच गई थी।

इसी दौरान किसी ने बाल विवाह की सूचना महिला एवं बाल विकास विभाग को दे दी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची, जिससे वहां मौजूद परिजनों और मेहमानों में हड़कंप मच गया। टीम ने दोनों पक्षों को बाल विवाह कानून के प्रावधानों की जानकारी दी और इसके दुष्परिणामों को लेकर जागरूक किया। समझाइश के बाद परिजन शादी रोकने के लिए तैयार हो गए और दोनों नाबालिगों को अपने-अपने घर भेज दिया गया।

महिला एवं बाल विकास अधिकारी बसंत मिंज ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और बाल विवाह को समय रहते रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि लोगों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक भी किया गया।