शेयर मार्केट क्रैश: हफ्ते की शुरुआत में बाजार धड़ाम, सेंसेक्स 450 अंक टूटा; बैंक और रियल्टी शेयरों में भारी बिकवाली

Follow Us

नई दिल्ली। शेयर बाजार में सोमवार को कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। वैश्विक बाजारों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू बाजार में निवेशकों ने जमकर बिकवाली की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 450 अंक गिरकर 77,700 के स्तर के आसपास पहुंच गया, जबकि निफ्टी भी लगभग 100 अंक फिसलकर 24,220 के करीब कारोबार करता नजर आया। सबसे ज्यादा दबाव प्राइवेट बैंक और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में देखने को मिला। निवेशकों ने इन सेक्टरों में मुनाफावसूली की, जिसका असर प्रमुख इंडेक्स पर पड़ा। सेंसेक्स के 30 शेयरों में आधे शेयर बढ़त और आधे गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे, लेकिन कमजोर शेयरों की बिकवाली बाजार पर भारी रही।

भारतीय बाजार पर एशियाई और अमेरिकी बाजारों की कमजोरी का भी असर पड़ा। जापान और दक्षिण कोरिया के बाजारों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जबकि शुक्रवार को अमेरिकी बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए थे। इससे पहले शुक्रवार को बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली थी, जहां सेंसेक्स 964 अंक चढ़ा था और निफ्टी ने भी मजबूत बढ़त दर्ज की थी। सोमवार की गिरावट को जानकार वैश्विक दबाव और पिछली तेजी के बाद हुई मुनाफावसूली से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल निवेशकों की नजर बैंकिंग, रियल्टी और ग्लोबल संकेतों पर बनी हुई है।