अवैध शराब-गांजा बिक्री का विरोध करना शिक्षक को पड़ा भारी, नशे के सौदागरों ने किया जानलेवा हमला

Follow Us

अण्डा। दुर्ग जिले के ग्राम चंदखुरी में अवैध शराब और गांजा बिक्री का विरोध करने वाले एक शिक्षक पर कथित नशे के सौदागरों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में शिक्षक नरसिंग बारले गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एफआईआर के अनुसार, 17 जुलाई की शाम करीब 5 बजे शिक्षक नरसिंग बारले स्कूल से मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे चंदखुरी के राम मंदिर स्थित पुराने बाजार चौक के पास पहुंचे, आरोपी वासु बारले और यीशु निर्मलकर ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और ईंट के टुकड़े से उनके सिर पर हमला कर दिया। बीच-बचाव के दौरान नुकीली वस्तु से नाक के पास भी वार किया गया, जिससे शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के प्रत्यक्षदर्शियों में रमेश देशमुख, डोमन सिन्हा, धन बघेल और संजय बघेल शामिल बताए गए हैं। घटना के बाद शिक्षक ने परिजनों को सूचना दी और पत्नी व भाई के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पीड़ित शिक्षक का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब और गांजा की बिक्री हो रही है, जिससे असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। आए दिन गाली-गलौज और हुड़दंग की घटनाओं से स्थानीय लोग भय के माहौल में जी रहे हैं तथा बच्चों पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस अवैध कारोबार को बंद कराने के लिए उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से शिकायत की थी, जिससे नाराज होकर आरोपियों ने उन पर हमला किया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में अवैध शराब और गांजा कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।