छत्तीसगढ़ में पहली बार मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स का महासंग्राम: देश-विदेश के 120 फाइटर्स ‘वाइल्ड वूल्फ केज फाइट’ में दिखाएंगे दम

Follow Us

रायपुर: छत्तीसगढ़ की खेल राजधानी बनने की दिशा में रायपुर एक नया इतिहास रचने जा रहा है। शहर में पहली बार बेहद रोमांचक और हाई-वोल्टेज प्रोफेशनल मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स यानी MMA केज फाइट का ग्रैंड आयोजन होने जा रहा है। इस धाकड़ मुकाबले को लेकर खेल प्रेमियों और युवाओं में जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है। सिविल लाइन स्थित अंबेडकर भवन में आयोजित हो रहे इस ऐतिहासिक इवेंट को “वाइल्ड वूल्फ केज फाइट्स” का नाम दिया गया है, जहाँ लोहे के केज (पिंजरे) के अंदर लड़ाके अपनी ताकत और फुर्ती का जौहर दिखाएंगे।

इस चैंपियनशिप की सबसे खास बात यह है कि, इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ी पहचान मिल रही है। रिंग में दमखम दिखाने के लिए देश के कोने-कोने से करीब 120 धांसू फाइटर्स रायपुर पहुंच चुके हैं। सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि इस इवेंट में अपनी चुनौती पेश करने के लिए श्रीलंका से भी 6 अंतरराष्ट्रीय फाइटर्स आए हैं, जिससे मुकाबले और भी कड़े और रोमांचक होने वाले हैं। अलग-अलग वेट कैटेगरी (वजन वर्ग) में होने वाली इन प्रोफेशनल फाइट्स की शुरुआत आज शाम 6 बजे से होने जा रही है। लगातार चलने वाली इस जंग का सबसे बड़ा आकर्षण इसका ग्रैंड फिनाले होगा, जो 24 मई को खेला जाएगा। फाइनल मुकाबलों में यह तय होगा कि इस बार केज फाइट का असली सुल्तान कौन बनता है। अगर आप भी एक्शन और असली एड्रेनालाईन रश के शौकीन हैं, तो रायपुर का यह महासंग्राम आपको बिल्कुल मिस नहीं करना चाहिए!