रायपुर। छत्तीसगढ़ में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने रविवार को कांग्रेस भवन में प्रेसवार्ता कर राज्य और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार को अपने कामकाज में सुधार करना चाहिए, नहीं तो आने वाले समय में जनता बदलाव का फैसला ले सकती है। प्रेसवार्ता के दौरान डॉ. महंत ने विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव, NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक जैसे मुद्दों को उठाया। उन्होंने सवाल किया कि, अगर विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव कमजोर था तो सरकार ने उस पर लंबी चर्चा क्यों की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अपनी उपलब्धियां गिनाने के बजाय पिछली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधने में ज्यादा समय लगाया।
कांग्रेस नेता ने मंत्रियों के कामकाज पर भी सवाल उठाए और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, हालांकि उन्होंने इसके समर्थन में कोई दस्तावेज पेश नहीं किया। उन्होंने कहा कि, छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में पारदर्शिता जरूरी है और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। डॉ. महंत ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्रों को न्याय और प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं, सोनम वांगचुक से जुड़े मामले पर भी उन्होंने केंद्र सरकार से गंभीरता दिखाने की अपील की। कांग्रेस ने साफ किया कि वह छात्रों और जनहित के मुद्दों को लेकर अपना अभियान जारी रखेगी।
