भरूच। गुजरात के भरूच जिले के अंकलेश्वर में स्कूली विवाद के बाद दो सगी बहनों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, अंकलेश्वर गुजरात इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (GIDC) क्षेत्र में 12वीं कक्षा की छात्रा का किसी बात को लेकर अपनी सहपाठी से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते सहपाठी ने अपने परिवार के लोगों को बुलाया और सड़क पर दोनों बहनों के साथ मारपीट की।
पीड़िता संस्कृति सेंगर के अनुसार, वह अपनी बहन के साथ मोपेड से जा रही थी, तभी आरोपियों ने उनकी स्कूटी को टक्कर मारने की कोशिश की और इसके बाद दोनों पर हमला कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि हमले में सहपाठी के पिता, मां और दादी समेत परिवार के अन्य लोग शामिल थे। आरोप है कि सहपाठी के पिता ने क्रिकेट बैट से हमला किया, जबकि परिवार की महिलाओं ने चप्पलों से मारपीट की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। हमले में घायल दोनों बहनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही अंकलेश्वर GIDC पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
