एंड्रयू और ट्रिस्टन टेट मियामी से गिरफ्तार, ब्रिटेन में दुष्कर्म और मानव तस्करी समेत 38 नए आरोपों का सामना

Follow Us

मियामी। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एंड्रयू टेट और उनके भाई ट्रिस्टन टेट को अमेरिकी अधिकारियों ने मियामी से गिरफ्तार किया है। दोनों भाइयों के खिलाफ ब्रिटेन में दुष्कर्म, मानव तस्करी, यौन शोषण और अन्य गंभीर आरोपों से जुड़े 38 नए मामले दर्ज किए गए हैं। ब्रिटेन ने दोनों के प्रत्यर्पण की मांग की है। अमेरिकी फेडरल अथॉरिटीज ने शनिवार को दोनों को हिरासत में लिया। यह कार्रवाई ब्रिटेन की क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस (CPS) की ओर से नए आरोप तय किए जाने के कुछ घंटों बाद हुई। अमेरिकी मार्शल सर्विस के प्रवक्ता ब्रेडी मैकारन ने सीलबंद वारंट के आधार पर गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस के अनुसार, 39 वर्षीय एंड्रयू टेट पर यौन शोषण के उद्देश्य से मानव तस्करी के तीन नए आरोप, गंभीर मारपीट के तीन मामले और बाल अश्लील सामग्री व एक्सट्रीम पोर्नोग्राफी से जुड़े 19 अतिरिक्त आरोप लगाए गए हैं। एंड्रयू टेट पहले से ही दुष्कर्म, मानव तस्करी, गंभीर मारपीट और वेश्यावृत्ति से लाभ कमाने जैसे मामलों का सामना कर रहे हैं। वहीं, 38 वर्षीय ट्रिस्टन टेट पर दुष्कर्म के दो मामले, यौन उत्पीड़न का एक आरोप और यौन शोषण के लिए मानव तस्करी से जुड़े तीन नए आरोप लगाए गए हैं। उनके खिलाफ पहले से भी दुष्कर्म, मानव तस्करी और मारपीट समेत कई मामले लंबित हैं।

दोनों भाई इंटरनेट पर अपनी विवादित टिप्पणियों और लग्जरी लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट के लिए जाने जाते हैं। सोशल मीडिया पर उनके बड़ी संख्या में फॉलोअर्स हैं और उनके कंटेंट को लेकर लंबे समय से विवाद भी रहा है। ब्रिटेन के अलावा रोमानिया में भी एंड्रयू और ट्रिस्टन टेट के खिलाफ आपराधिक मामले चल रहे हैं। साल 2022 में रोमानिया में गिरफ्तारी के बाद दोनों पर दुष्कर्म, मानव तस्करी और संगठित अपराध से जुड़े आरोप लगाए गए थे। अब ब्रिटेन उनके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है।