राजस्थान तक पहुंची CG पुलिस: अंतरराज्यीय चोर गिरोह का खुलासा, कई वारदातें सुलझीं

Follow Us

राजनांदगांव। शहर में दहशत का पर्याय बने अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने फिल्मी अंदाज में राजस्थान के बांसवाड़ा में दबिश देकर शातिर चोर गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह रात के सन्नाटे में दुकानों की छत के रास्ते दाखिल होकर गल्ले साफ़ करने में माहिर था। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के कड़े निर्देशों के बाद शुरू हुई इस कार्रवाई ने शहर की चार बड़ी चोरी की गुत्थियों को एक साथ सुलझा दिया है।

जांच में खुलासा हुआ कि पकड़े गए आरोपी दिनेश चरपोटा और उसके फरार साथियों ने राजनांदगांव के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों को अपना निशाना बनाया था। इनमें गणेश मेडिकल स्टोर से 7 लाख रुपये की भारी-भरकम चोरी, संगम साड़ी दुकान से 4 लाख रुपये सहित सोने की चेन, नरेश वॉच से लाखों की नकदी और महंगी घड़ियां, और नंदलाल हार्डवेयर में हुई वारदातें शामिल थीं। ये चोर इतने शातिर थे कि केवल नकदी और छोटे कीमती सामान पर हाथ साफ करते थे ताकि भागने में आसानी हो। शहर में लगातार हो रही इन वारदातों से व्यापारियों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल था।

पुलिस की विशेष टीम ने इस गिरोह तक पहुंचने के लिए सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मोबाइल टावर डंप के जरिए तकनीकी विश्लेषण किया। कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस की टीम राजस्थान के बांसवाड़ा पहुंची और दिनेश चरपोटा को दबोच लिया। आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर राजनांदगांव लाया गया है, जहां पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों-हरिश, परमेश और सुनील के नामों का खुलासा किया है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। इस बड़ी सफलता के बाद पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि बाहरी गिरोहों के लिए छत्तीसगढ़ में कोई जगह नहीं है और अपराधियों को पाताल से भी खोज निकाला जाएगा। इस कार्रवाई ने राजनांदगांव पुलिस की सजगता और तकनीकी दक्षता पर एक बार फिर मुहर लगा दी है।