कांग्रेस की गुटबाजी पर कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब का बड़ा तंज: कहा- इनके पास न कोई सोच है न विचारधारा, सिर्फ जेब भरने के लिए आना चाहते हैं सत्ता में

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर टीएस सिंहदेव और दीपक बैज के बीच चल रही जुबानी जंग पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने तीखा तंज कसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर टीएस सिंहदेव, दीपक बैज और भूपेश बघेल जैसे कई गुट सक्रिय हैं और न जाने आगे कितने और गुट सामने आएंगे। चुनाव आते ही कांग्रेस में ‘कुर्सी तोड़’ कार्यक्रम शुरू हो जाता है, जिससे साफ है कि यह पार्टी सिर्फ गुटबाजी और भ्रष्टाचार करना जानती है। देश और भारत जोड़ने की बात करने वाली कांग्रेस पहले खुद की पार्टी को तो जोड़ ले।

खुशवंत साहेब ने आगे कहा कि कांग्रेस हमेशा से परिवारवाद की राजनीति करती आई है, जो अब अपने ही कुनबे को संभालने में नाकाम साबित हो रही है। इनके पास न तो छत्तीसगढ़ के विकास के लिए कोई सोच है और न ही कोई मजबूत विचारधारा; इनका एकमात्र मकसद सत्ता में आकर अपनी जेबें भरना है। जनता इन्हें साल 2023 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनावों में बुरी तरह नकार चुकी है और आने वाले 2028 के चुनाव में भी इनका यही हश्र होने वाला है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिल्ली दौरे की तारीफ करते हुए मंत्री ने कहा कि सीएम साय छत्तीसगढ़ की उन्नति और विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से मिलने दिल्ली जाते हैं और राज्य के लिए बड़ी सौगातें लेकर आते हैं। वहीं, केंद्र सरकार के सफल कार्यकाल और बीजेपी के घर-घर संपर्क अभियान पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में ‘सुशासन तिहार’ चल रहा है और जन चौपाल के माध्यम से सरकार सीधे जनता से संवाद कर रही है। वैश्विक स्तर पर युद्ध के हालातों के बीच भी प्रधानमंत्री मोदी देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित रखने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।