पति की हत्या के लिए भाई को बुलाया, पत्थर से वार कर शव सड़क किनारे फेंका; पत्नी समेत दो आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

कबीरधाम। जिले के लोहारा थाना क्षेत्र में हुई हत्या की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में मृतक की पत्नी और उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, घरेलू विवाद के चलते महिला ने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर पति की हत्या की थी।

जानकारी के मुताबिक, 26 जुलाई की सुबह ग्राम बासिनझोरी निवासी तुलेश साहू ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पिता महेश साहू का शव लोहारा के बानो रोड स्थित एक दुकान के पास पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के चेहरे, हाथ-पैर और सिर पर चोट के निशान पाए। साथ ही शव को घसीटे जाने के संकेत भी मिले।

मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से रक्तरंजित पत्थर, कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी नीता साहू (35 वर्ष) से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई की रात शराब पीने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद नीता ने अपने चचेरे भाई ओदराम साहू को बुलाया। दोनों ने मिलकर महेश साहू को पकड़ लिया और पत्थर से सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने शव को घसीटकर सड़क किनारे फेंक दिया और स्कूटी से गांव लौट गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पत्थर, स्कूटी और अन्य साक्ष्य बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।