दिल्ली । भारतीय क्रिकेट में चार जुलाई का दिन लंबे समय तक याद रखा जाएगा। महज 15 साल 99 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया। इसके साथ ही उन्होंने सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के दो सबसे बड़े उम्र संबंधी रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दुनिया भर में सुर्खियां बटोरने वाले वैभव अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले भारतीय बन गए हैं। वैभव सूर्यवंशी अब भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम था। सचिन ने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में 16 साल 205 दिन की उम्र में डेब्यू किया था। वैभव ने उनसे एक साल से भी ज्यादा कम उम्र में टीम इंडिया की जर्सी पहनकर नया इतिहास रच दिया। वैभव ने सिर्फ पुरुष क्रिकेट का रिकॉर्ड ही नहीं तोड़ा, बल्कि भारतीय क्रिकेट (पुरुष और महिला दोनों) में सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारतीय महिला टीम की स्टार बल्लेबाज शेफाली वर्मा के नाम था। उन्होंने 2019 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 15 साल 239 दिन की उम्र में डेब्यू किया था। वैभव ने 15 साल 99 दिन की उम्र में मैदान पर उतरकर शेफाली का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। बिहार से आने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने बेहद कम उम्र में अपनी प्रतिभा से क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा।
राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें आईपीएल 2025 में मौका दिया, जहां उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी की झलक दिखाई। हालांकि असली धमाका उन्होंने आईपीएल 2026 में किया। उनकी निडर बल्लेबाजी और बड़े-बड़े शॉट्स लगाने की क्षमता के कारण क्रिकेट जगत ने उन्हें ‘बॉस बेबी’ का नाम दिया।
