छत्तीसगढ़ में ‘ब्लैक वेडनेसडे’: अलग-अलग सड़क हादसों में 2 की मौत, ईंटों के ढेर में दबे बच्चे समेत दो घायल

Follow Us

अंबिकापुर/तखतपुर/गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में रफ्तार का कहर और बदहाल सड़कें बेकसूरों की जान पर भारी पड़ रही हैं। राज्य में बुधवार का दिन हादसों से भरा रहा, जहां अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली दर्दनाक घटना अंबिकापुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर मणिपुर थाना क्षेत्र के भिट्ठीकलां के पास हुई। यहाँ देर रात एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार (CG 04 QS 4079) सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पैसेंजर सीट पर बैठे युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

दूसरा घातक हादसा गरियाबंद जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में नहरगांव के पास सामने आया। यहाँ आबकारी विभाग की एक तेज रफ्तार सरकारी बोलेरो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार संतोष यादव (निवासी महाराष्ट्र) की इलाज शुरू होने से पहले ही जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने सरकारी वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

वहीं तीसरी घटना तखतपुर के नया बस स्टैंड के पास हुई, जहाँ जर्जर और गड्ढों से भरी सड़क के कारण ईंटों से लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के वक्त वहां से गुजर रहे एक 40 वर्षीय युवक और एक मासूम बच्चा ईंटों के मलबे के नीचे दब गए। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुँचाया। इस घटना के बाद सड़क निर्माण में हो रही देरी को लेकर स्थानीय जनता और व्यापारियों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है।