सुनील चौधरी ने दीपक बैज और देवेंद्र यादव पर उठाए सवाल
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुनील चौधरी ने आज भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के दौरे और निष्क्रिय जिला अध्यक्षों को हटाने संबंधी बयान पर सवाल उठाए।
सुनील चौधरी ने पूछा कि क्या कांग्रेस अपने प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और नेता देवेंद्र यादव को भी हटाने का फैसला करेगी? उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के कार्यकर्ताओं को लेकर दिए गए बयान का जिक्र करते हुए कहा कि सुखदेव भगत को स्पष्ट करना चाहिए कि कांग्रेस में नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए क्या मापदंड तय किए गए हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है और वह विकास के मुद्दों पर भी राजनीति कर रही है। उन्होंने पेंड्रावन मामले का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाया।
चौधरी ने कहा कि प्रदेश में राशन दुकानों के माध्यम से लोगों को सुविधाएं मिल रही हैं और शक्कर भी उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार द्वारा किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी को किसानों के लिए बड़ी सौगात बताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों और आम जनता के हित में लगातार काम कर रही है।
