बिलासपुर में 43°C, दिन में लू और रात में बिजली कटौती से हाल बेहाल

Follow Us

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बिलासपुर में तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे शहर में लू जैसे हालात बन गए हैं। सुबह 9 बजे से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है, वहीं दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक राहत नहीं मिलने की चेतावनी दी है। रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। दोपहर 12 बजे के बाद हालात इतने खराब हो जाते हैं कि, लोग जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं।

गर्मी के साथ-साथ बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। शहर के कई इलाकों में बार-बार बिजली गुल होने से लोग परेशान हैं। तिफरा, गोलबाजार, शनिचरी, विद्यानगर और व्यापार विहार जैसे क्षेत्रों में दिनभर बिजली की ट्रिपिंग होती रही। बताया जा रहा है कि, 33 केवी शनिचरी सबस्टेशन में खराबी और तार टूटने की वजह से सप्लाई बाधित रही। मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली बंद रहने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है, खासकर तब जब तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच चुका है। फिलहाल गर्मी और बिजली संकट ने मिलकर लोगों की मुश्किलें दोगुनी कर दी हैं, और आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।