मैनपाट में बाइकर्स गैंग का आतंक, तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर से पर्यटक परेशान

Follow Us

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के ‘शिमला’ के नाम से प्रसिद्ध मैनपाट में इन दिनों बाइकर्स गैंग का आतंक बढ़ता जा रहा है। तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों का शोर शांत वातावरण में खलल डाल रहा है, जिससे यहां घूमने आने वाले पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों और पर्यटकों के अनुसार, कुछ युवक मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बाइकों से तेज आवाज करते हुए पर्यटन स्थलों पर घूमते हैं। तेज रफ्तार, स्टंटबाजी और लगातार होने वाले शोर से मैनपाट का प्राकृतिक और शांत माहौल प्रभावित हो रहा है। खासकर परिवार के साथ घूमने आने वाले पर्यटक इससे असहज महसूस कर रहे हैं।

पर्यटकों का कहना है कि वे प्राकृतिक सुंदरता और सुकून की तलाश में मैनपाट आते हैं, लेकिन बाइकर्स की हरकतों के कारण उनका अनुभव खराब हो रहा है। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पर चिंता जताते हुए पुलिस और प्रशासन से ऐसे बाइकर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि पर्यटन स्थल की गरिमा और शांति बनाए रखने के लिए मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों पर विशेष अभियान चलाया जाए, तेज रफ्तार और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई हो तथा नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि मैनपाट आने वाले पर्यटक सुरक्षित और शांत वातावरण का आनंद ले सकें।