बिहार के छात्र ने नापा आसमान: टेलिस्कोप से ट्रैक किया ISS, कैमरे में कैद की अद्भुत तस्वीरें

Follow Us

मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी से एक ऐसी प्रेरणादायक खबर सामने आई है, जिसने साबित कर दिया कि प्रतिभा और जुनून किसी महंगे संसाधन के मोहताज नहीं होते। जहाँ बड़े शहरों के बच्चे आधुनिक सुविधाओं के बीच पलते हैं, वहीं मोतिहारी के 10वीं कक्षा के छात्र मोहम्मद एहान ने अपनी जिज्ञासा और सीमित संसाधनों के दम पर आसमान की ऊंचाइयों को छू लिया है। एहान ने धरती से लगभग 400 किलोमीटर ऊपर अंतरिक्ष में 28,000 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रहे अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) को न केवल ट्रैक किया, बल्कि अपने टेलिस्कोप और मोबाइल से उसकी शानदार तस्वीरें और वीडियो भी कैद किए।

ISS विज्ञान का एक ऐसा अजूबा है, जो एक फुटबॉल के मैदान जितना विशाल है और महज 90 मिनट में पृथ्वी का एक चक्कर पूरा कर लेता है। इतनी तेज रफ्तार से गुजरती एक छोटी सी रोशनी को पहचानना और उसे कैमरे में सटीक तरीके से उतारना किसी पेशेवर खगोलशास्त्री के लिए भी चुनौती होता है। माउंट लिटेरा जी स्कूल के छात्र एहान ने अपने धैर्य और तकनीक के मेल से इस ‘उड़ती हुई प्रयोगशाला’ को कैमरे में कैद कर सबको हैरान कर दिया है।

मोतिहारी के आसमान में रिकॉर्ड की गई ये तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। एहान का यह कारनामा यह संदेश देता है कि छोटे शहरों के बच्चों के सपने भी आसमान से बड़े हो सकते हैं और सही दिशा मिले तो वे घर बैठे ही अंतरिक्ष की गुत्थियां सुलझा सकते हैं।