Bigg Boss 20: स्काउटओपी से नाराज हुईं लव गिल, रिश्ते पर दिया बड़ा बयान

Follow Us

मुंबई। बिग बॉस 20 के घर में लव गिल और स्काउटओपी के बीच रिश्तों को लेकर चल रहा विवाद अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। शुरुआत में दोनों एक-दूसरे को भाई-बहन बताते थे, लेकिन अब उनके बीच दूरियां बढ़ती दिखाई दे रही हैं। हाल ही में ‘वीकेंड का वार’ के दौरान सलमान खान ने भी दोनों को एक-दूसरे से दूरी बनाए रखने की सलाह दी थी। सलमान का कहना था कि स्काउट लव के प्रभाव में नजर आते हैं और उन्हें घर के भीतर चल रही परिस्थितियों को समझने की जरूरत है।

इससे पहले कनिका मान ने स्काउट से सवाल किया था कि क्या उनके मन में लव के लिए दोस्ती से बढ़कर कोई भावना है। इस पर स्काउट ने साफ किया था कि लव उनके लिए बहन जैसी हैं। उन्होंने अपनी मंगेतर काशवी का जिक्र करते हुए कहा था कि घर के बाहर भी उनकी अपनी जिंदगी है। वहीं, लव ने भी कहा था कि उन्हें स्काउट के इरादों के बारे में कुछ पता नहीं था। इसके बावजूद दोनों के रिश्ते को लेकर घर में चर्चाएं जारी रहीं।

हालिया बातचीत में आम्रपाली दुबे ने लव से पूछा कि स्काउट के मन में उनके लिए क्या भावनाएं हैं और सलमान खान के सामने इस मुद्दे पर उन्होंने क्या कहा था। लव ने इस सवाल का जवाब देने से बचते हुए कहा कि वह यहां इन बातों को नहीं समझाएंगी। इस पर स्काउट ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए पूछा कि उन्होंने ऐसा क्या कहा है, जिस पर लव उनसे नाराज हो रही हैं।

इसके बाद लव ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा, “मेरे बारे में मजाक बनाने की कोई जरूरत नहीं है। वह मेरा भाई था, बस था! अब वह मेरा कुछ नहीं लगता।” आम्रपाली ने भी उनकी बात का समर्थन किया। लव ने यह भी कहा कि वह घर में अपने चरित्र पर सवाल उठाने वालों को बर्दाश्त नहीं करेंगी। वहीं, आम्रपाली ने कहा कि वह लव के जवाब पर सवाल उठाएंगी, क्योंकि वह स्काउट के इरादों को जानती हैं। इस बातचीत के बाद बिग बॉस के घर में दोनों के रिश्ते को लेकर विवाद और गहरा गया है।