भिलाई । भिलाई नगर निगम के आयुक्त राजीव कुमार पांडेय का आखिरकार तबादला कर दिया गया है। उन्हें अपर संचालक, उच्च शिक्षा संचालनालय, नवा रायपुर अटल नगर के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं, उनकी जगह 2020 बैच की आईएएस अधिकारी और वर्तमान में राजनांदगांव जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) रहीं सुरुचि सिंह को भिलाई नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है।
राजीव कुमार पांडेय और महापौर नीरज पाल के बीच लंबे समय से प्रशासनिक मतभेद और खींचतान की स्थिति बनी हुई थी। महापौर नीरज पाल और कांग्रेस पार्षद लगातार उनके तबादले की मांग कर रहे थे। हालांकि, इस मामले में हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली थी, लेकिन अब जारी हुए तबादला आदेश के बाद इसे महापौर खेमे की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि 8 जून 1996 को भिलाई नगर निगम का गठन हुआ था और अब तक यहां 26 आयुक्त अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सुरुचि सिंह 27वीं आयुक्त होने के साथ-साथ भिलाई नगर निगम की पहली महिला आयुक्त भी होंगी। नई आयुक्त के सामने निगम कर्मचारियों के वेतन संकट, आवास योजनाओं के क्रियान्वयन, राजस्व वसूली और शहर के विकास कार्यों को गति देने जैसी कई महत्वपूर्ण चुनौतियां रहेंगी।
