भाटापारा: एनएसएस शिविर में युवाओं ने चलाया नशामुक्ति और स्वच्छता अभियान

Follow Us

भाटापारा। कमलाकांत शुक्ला इंस्टीट्यूट, देवरी रोड भाटापारा में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा ग्राम कड़ार में सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर 14 नवंबर से 20 नवंबर तक आयोजित हुआ। शिविर की थीम नशा एवं TB मुक्त युवा रखी गई। शिविर का आयोजन महाविद्यालय के संचालक मनीष शुक्ला व प्राचार्य के विशेष मार्गदर्शन में किया गया। प्रथम दिवस महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना चौहान मैम के द्वारा स्वयंसेवकों, कार्यक्रम अधिकारी भावना हेंवार एवं राष्ट्रीय सेवा योजना सदस्य अजय सर को शुभकामनाएं देते हुए ग्राम कड़ार के लिए रवाना किया गया। शिविर के प्रथम दिवस के शुभारंभ कार्यक्रम में ग्राम के जनपद सदस्य ठाकुरराम साहू, सरपंच हीरामणि कीर्ति कुमार ध्रुव , पंच जनक राम धीवर एवं विभिन्न ग्रामवासी रामचरण साहू, सहदेव यदु उपस्थित थे। ग्राम के सरपंच, जनपद सदस्य व अन्य ग्रामवासियों के द्वारा विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।

सात दिवसीय विशेष शिविर की दिनचर्या कुछ इस प्रकार थी:
सबसे पहले स्वयंसेवकों के दिन की शुरुआत योग से होती थी। उसके बाद प्रभात फेरी ढोल के धुन के साथ निकाली जाती थी, जिसमें विभिन्न नारे लगाए गए-शीशी-बोतल तोड़ दो, दारू पीना छोड़ दो जल संरक्षण व स्वच्छता अभियान के भी नारे लगाए गए। उसके पश्चात स्वल्पाहार करके स्वयंसेवक परियोजना कार्य के लिए जाते थे।

परियोजना कार्य के बाद स्नान व भोजन ग्रहण कर बौद्धिक परिचर्चा होती थी, जिसमें विभिन्न अतिथि वक्ताओं के द्वारा विशेष विषयों पर व्याख्यान व चर्चा की जाती थी। उसके पश्चात स्वयंसेवक ग्राम संपर्क में जाते थे। वहां ग्रामवासियों के घर-घर जाकर उनसे बातचीत करते, नशे से संबंधित जानकारी लेते तथा बीच में पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों की जानकारी प्राप्त करते। स्वयंसेवकों द्वारा सभी को जागरूक किया गया। वापस आने के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम अलग-अलग स्थानों में किए जाते थे। नृत्य, नशे व स्वच्छता से संबंधित नाटक किए गए, जिससे ग्रामवासी जागरूक हो सकें। उसके पश्चात समीक्षा बैठक होती थी, जिसमें स्वयंसेवकों के दिनभर की दिनचर्या का विवरण लिया जाता था।

सात दिनों में स्वयंसेवकों ने गांव में विभिन्न परियोजना कार्य किए-

  • गांव के कई स्थानों, बाजार चौक, पानी टंकी परिसर एवं पंचायत भवन में साफ-सफाई
  • पंचायत भवन में निकले पुराने कचरे से कम्पोस्ट टैंक का निर्माण और कचरे का व्यवस्थित उपयोग हो सके
  • पंचायत भवन में चबूतरे का निर्माण स्वयंसेवकों के द्वारा किया गया
  • बाजार चौक में बोरवेल के पास सिंटेक्स रखने के लिए चबूतरे का निर्माण
  • गांव व परिसर की साफ-सफाई, कीटनाशक छिड़काव
  • स्वयंसेवकों के द्वारा विभिन्न स्थानों में स्लोगन लेखन किये गये
    ये सभी कार्य जनपद सदस्य, सरपंच, पंच व ग्रामवासियों के सहयोग से सम्पन्न हुए। बाजार चौक के बोरवेल के पास सिंटेक्स रखने के लिए चबूतरा निर्माण किया गया, जो ग्रामवासी मिस्त्री के विशेष सहयोग व स्वयंसेवकों के श्रमदान से सम्पन्न हुआ।