इंडियामार्ट पर एंटी-ड्रोन गन की लिस्टिंग पड़ी भारी, एयरवन रोबोटिक्स पर CCPA ने लगाया 10 लाख का जुर्माना

Follow Us

नई दिल्ली। ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म इंडियामार्ट पर एंटी-ड्रोन गन की लिस्टिंग करने के मामले में केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने सख्त कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने एयरवन रोबोटिक्स प्राइवेट लिमिटेड पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। कंपनी पर आरोप है कि उसने जरूरी कानूनी मंजूरी और नियामकीय खुलासों के बिना एंटी-ड्रोन गन VKSP03-Pro को बिक्री के लिए ऑनलाइन सूचीबद्ध किया था। CCPA ने इसे भ्रामक विज्ञापन और अनुचित व्यापार व्यवहार मानते हुए उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के उल्लंघन का मामला माना है।

प्राधिकरण के मुताबिक, कंपनी ने इस उत्पाद को इंडियामार्ट पर 8.3 लाख रुपये की कीमत के साथ सूचीबद्ध किया था। इसकी लिस्टिंग में तकनीकी जानकारियां और ‘इन स्टॉक’ का टैग भी दिया गया था। इससे यह संकेत मिलता था कि उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध है और संभावित खरीदारों को आकर्षित किया जा रहा है। जांच के दौरान कंपनी ने सफाई दी कि यह केवल एक निष्क्रिय प्रतिरूप यानी डमी डिवाइस था और इसका वास्तविक इस्तेमाल करने का कोई उद्देश्य नहीं था। हालांकि, CCPA ने कंपनी की इस दलील को स्वीकार नहीं किया।

CCPA ने कहा कि कंपनी ने यह स्पष्टीकरण कारण बताओ नोटिस मिलने के बाद दिया, जबकि मूल ऑनलाइन लिस्टिंग में उत्पाद को बिक्री के लिए उपलब्ध दिखाया गया था। प्राधिकरण के अनुसार, कंपनी के अलग-अलग स्पष्टीकरण भी एक-दूसरे से मेल नहीं खाते थे। कंपनी ने यह तर्क भी दिया कि एंटी-ड्रोन गन, इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर और ड्रोन को निष्क्रिय करने जैसी शब्दावली का इस्तेमाल केवल उत्पाद की बनावट और अवधारणा बताने के लिए किया गया था। लेकिन प्राधिकरण ने माना कि उत्पाद का विज्ञापन और विवरण उपभोक्ताओं को भ्रमित करने वाला था।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि किसी उत्पाद की वास्तविक बिक्री हुई या नहीं और बाद में उसे डमी बताया गया, इससे विज्ञापनदाता की जिम्मेदारी समाप्त नहीं होती। प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर उपकरणों की लिस्टिंग के लिए जरूरी कानूनी मंजूरियां और निर्धारित खुलासे अनिवार्य हैं। CCPA ने कंपनी को भविष्य में सभी विज्ञापनों और ऑनलाइन उत्पाद विवरणों को लागू कानूनों के अनुरूप रखने का निर्देश दिया है। साथ ही उत्पाद की क्षमता, कानूनी स्थिति और उपलब्धता को लेकर झूठे या अप्रमाणित दावे नहीं करने को कहा है। कंपनी को आदेश के 15 दिनों के भीतर अनुपालन रिपोर्ट भी जमा करनी होगी।