रायपुर। आमानाका थाना क्षेत्र में कार चढ़ाकर युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी भरत मंगनानी ने मंगलवार को न्यायालय में सरेंडर कर दिया। पुलिस की लगातार छापेमारी, संभावित ठिकानों पर दबिश और तकनीकी निगरानी के चलते आरोपी पर दबाव बढ़ता गया, जिसके बाद वह न्यायालय पहुंचा। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
रायपुर के चर्चित कार चढ़ाकर हत्या मामले में फरार आरोपी भरत मंगनानी ने पुलिस की लगातार दबिश और बढ़ते दबाव के बीच न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया है, जहां उससे घटना को लेकर पूछताछ जारी है।
मामला 14 अगस्त 2026 का है। शिकायत के अनुसार, मृतक परमजीत रणगण्ही की शादी की बातचीत शिखा साहू से चल रही थी। उसी दिन शिखा साहू अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ सफेद रंग की फॉक्सवैगन कार से टाटीबंध पहुंची थी। गुरुद्वारा के पास बातचीत के दौरान भरत मंगनानी और परमजीत के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद भरत ने हत्या की नीयत से तेज रफ्तार कार परमजीत पर चढ़ा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल परमजीत को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रार्थी की शिकायत पर थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 264/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
फिलहाल, पुलिस आरोपी से घटना के हर पहलू पर पूछताछ कर रही है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान पूछताछ में घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जाएगी।
