धमतरी । बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ विकसित करने के उद्देश्य से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इसमें नत्थूजी जगताप शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, धमतरी की कक्षा 12वीं की छात्राओं ने कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं को शासकीय विभागों की कार्यप्रणाली, पुलिस प्रशासन की भूमिका और विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी दी गई।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा के निर्देश पर तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी महेश मरकाम के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराना और उन्हें भविष्य के प्रति जागरूक करना था।
भ्रमण के दौरान छात्राओं ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों का अवलोकन किया। अधिकारियों ने उन्हें विभागों की जिम्मेदारियों, शासकीय कामकाज और आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के बारे में बताया। इससे छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था को करीब से समझने और भविष्य में सरकारी सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने की संभावनाओं की जानकारी मिली।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मिली खेल सामग्री
‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के लिए खेल सामग्री वितरित की गई। अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन देवहारी और संयुक्त कलेक्टर प्रीति दुर्गम की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं की प्रतिभा को आगे बढ़ाना और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना था।
पुलिस प्रशासन और बालिका सुरक्षा की जानकारी
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भी दौरा किया। यहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडे से मुलाकात कर उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नागरिकों की सुरक्षा और महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस पहल के माध्यम से छात्राओं को प्रशासनिक और पुलिस सेवाओं की जिम्मेदारियों को समझने के साथ अपने भविष्य के लक्ष्य निर्धारित करने का अवसर मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर प्रशासनिक एवं पुलिस सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढऩे के लिए प्रेरित करना रहा।
