एमसीबी। कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्था और कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को ऑफलाइन फाइलों की कार्यप्रणाली बंद कर शासकीय दस्तावेजों का संचालन और संधारण ऑनलाइन माध्यम से करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्थापना शाखा, खनिज, जनसंपर्क, महिला एवं बाल विकास, आबकारी, विपणन, खाद्य और उद्योग विभागों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि डिजिटल फाइल प्रबंधन अपनाने से कामकाज में पारदर्शिता बढ़ेगी और लंबित मामलों की निगरानी आसान होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी फाइल को बिना वजह लंबित न रखा जाए तथा सभी प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में किया जाए। कार्यालयीन कामकाज में लापरवाही और अनावश्यक देरी पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।
कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने आम नागरिकों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपने काम के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर काम करें और पात्र हितग्राहियों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाएं। उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए डिजिटल प्रणाली के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर नम्रता डोंगरे तथा डिप्टी कलेक्टर इंदिरा मिश्रा, नेहा खलखो और स्वप्निल वर्मा मौजूद रहे।
