राजनादगांव। जिले के डोंगरगांव में केदारबाड़ी स्थित क्रॉस हिल शुक्रवार शाम अचानक दहशत का केंद्र बन गई। मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार के दौरान पहाड़ी की ओर से तेज रोने, कराहने और सिसकियों जैसी रहस्यमयी आवाजें सुनाई देने लगीं। आवाज इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद लोग सहम गए और कुछ देर तक समझ ही नहीं पाए कि आखिर पहाड़ी पर क्या हो रहा है। घटना के दौरान स्थानीय निवासी रवि पांडेय और सुमित साहू मौके पर पहुंचे। दोनों ने मोबाइल कैमरे से आवाज की दिशा में रिकॉर्डिंग शुरू की। जैसे ही कैमरा पहाड़ी की झाड़ियों की ओर घुमाया गया, वहां कई Sloth Bear घूमते दिखाई दिए। भालू लगातार अजीब आवाजें निकाल रहे थे, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग क्रॉस हिल के नीचे जमा हो गए और वीडियो बनाने लगे। वन्यजीव विशेषज्ञों के मुताबिक स्लॉथ बीयर आमतौर पर ऐसी आवाजें तब निकालते हैं, जब मां और शावक एक-दूसरे से बिछड़ जाते हैं या संपर्क बनाने की कोशिश कर रहे होते हैं। इस दौरान वे बेहद आक्रामक भी हो सकते हैं। विशेषज्ञ Sloth Bear को भारत के सबसे खतरनाक जंगली जानवरों में मानते हैं। घटना के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। आबादी से सटे इलाके और भीड़भाड़ के बीच भालुओं की मौजूदगी के बावजूद कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि भालू रिहायशी इलाके की ओर बढ़ते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
