जिले में बेसिक पुलिसिंग होगी मजबूत: एसपी सूरज सिंह परिहार का अल्टीमेटम, लापरवाही पर दिए सख्त निर्देश

Follow Us

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अपराध नियंत्रण, साइबर क्राइम और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस महकमा अब पूरी तरह से नए और सख्त एक्शन मोड में नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) सूरज सिंह परिहार ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों की एक हाईलेवल समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने दो टूक शब्दों में संदेश दिया कि जमीनी स्तर पर बेसिक पुलिसिंग को मजबूत कर हर हाल में आम जनता का भरोसा जीता जाए।

पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के तहत बुलाई गई इस अहम बैठक में कानून व्यवस्था, लंबे समय से लंबित मामलों, मर्ग प्रकरणों और बीट प्रणाली की गहन समीक्षा की गई। एसपी ने खात्मा और लंबित प्रकरणों की बढ़ती संख्या पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने थाना और चौकी स्तर पर केस डायरियों का भौतिक सत्यापन करने तथा लापता डायरियों की तलाश के लिए न्यायालय व पुलिस कार्यालयों से बेहतर तालमेल बिठाने के सख्त निर्देश दिए।

बीट व्यवस्था को पुलिसिंग की रीढ़ बताते हुए एसपी परिहार ने अधिकारियों को गांवों का नियमित भ्रमण करने, समाज के प्रमुखों और वरिष्ठ नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करने, सोशल मीडिया के जरिए पुलिस की सकारात्मक छवि बनाने और ‘सुशासन तिहार’ के तहत आने वाली जनता की शिकायतों का संवेदनशीलता से तुरंत निपटारा करने की हिदायत दी गई। बैठक में एएसपी शैलेंद्र कुमार पांडेय और सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।