मुंबई। बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ और सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ के बीच कमाई में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। दोनों फिल्मों को सिनेमाघरों में रिलीज हुए छह दिन हो चुके हैं, लेकिन जहां ‘आवारापन 2’ 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो चुकी है, वहीं ‘बंटवारा 1947’ अभी 50 करोड़ के आंकड़े से काफी दूर है। सैकनिल्क के अनुसार, ‘आवारापन 2’ ने छठे दिन 6.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन बढ़कर 107.50 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, दुनियाभर में फिल्म ने 153.59 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।
नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी ‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रही हैं। फिल्म की लगातार मजबूत कमाई इसे बॉक्स ऑफिस पर सफल बना रही है। दूसरी ओर, ‘बंटवारा 1947’ की कमाई की रफ्तार काफी धीमी नजर आ रही है। सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने छठे दिन महज 1.40 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल कलेक्शन 32.15 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जबकि दुनियाभर में इसका ग्रॉस कलेक्शन 45.42 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। सनी देओल, प्रीति जिंटा, अली फजल और शबाना आजमी जैसे कलाकारों से सजी इस फिल्म के लिए शुरुआती छह दिनों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। अब आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई में कितना सुधार होता है, यह देखना दिलचस्प होगा।
