सोशल मीडिया के फर्जी निवेश विज्ञापनों से रहें सतर्क, बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने जारी की चेतावनी

Follow Us

बलौदाबाजार-भाटापारा। सोशल मीडिया पर बढ़ते साइबर निवेश घोटालों को देखते हुए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर दिखने वाले आकर्षक निवेश विज्ञापनों के झांसे में न आएं। पुलिस के अनुसार, साइबर ठग प्रसिद्ध उद्योगपतियों, फिल्म कलाकारों, क्रिकेटरों और अन्य चर्चित हस्तियों के नाम, फोटो तथा एआई (डीपफेक) तकनीक से तैयार नकली वीडियो का इस्तेमाल कर लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश करते हैं। इन विज्ञापनों में कम समय में दोगुना मुनाफा, तेजी से अमीर बनने और सुरक्षित निवेश जैसे झूठे दावे किए जाते हैं।

विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद लोगों को व्हाट्सएप या टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर फर्जी मुनाफे के स्क्रीनशॉट दिखाए जाते हैं और बड़ी रकम निवेश करने के लिए प्रेरित किया जाता है। इसके बाद ठग पैसे लेकर गायब हो जाते हैं। पुलिस ने सलाह दी है कि, किसी भी निवेश से पहले संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत प्लेटफॉर्म से जानकारी की पुष्टि करें। साथ ही ओटीपी, बैंक विवरण या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी साइबर सेल से संपर्क करें।